दो दिन में दो हुक्का बार को बंद करा चुकी है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस शिकंजा कसती जा रहा है। रविवार रात ओल्ड फरीदाबाद थाना की पुलिस ने शास्त्री नगर में छापेमारी कर एक हुक्का बार को बंद कराया। मौके से संचालक को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। पिछले दो दिनों में पुलिस दो हुक्का बार को बंद करा चुकी है।
ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस की टीम रविवार रात एक टीम सेक्टर-19 में गश्त कर रही थी। सूचना मिली शास्त्री कॉलोनी स्थित लखानी शोरूम के ऊपर लेवलअप कैफे के नाम से हुक्का बार चल रहा है। यहां अवैध रूप से प्रतिबंधित फ्लेवर हुक्का पिलाया जाता है। टीम ने मौके पर जाकर दबिश दी। यहां कुछ युवक हुक्का पी रहे थे जो पुलिस को देखकर फरार हो गए। टीम ने संचालक को काबू कर लिया। संचालक की पहचान बसेलवा काॅलोनी निवासी विशाल सिंह चौहान (21) के रूप में हुई। पुलिस को मौके से चिलम के साथ काफी मात्रा में विभिन्न फ्लेवर तंबाकू बरामद हुए हैं। इससे पहले शनिवार को सेक्टर 16 सब्जी मंडी में पुलिस ने कैफे 52 नाम के हुक्का बार से एक युवक को गिरफ्तार कर हुक्का और फ्लेवर बरामद किए थे। कैफे 52 का संचालक बाढ़ मोहल्ला निवासी गुरुदत्त अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। डीसीपी क्राइम हमेंद्र मीणा का कहना है कि हुक्का बार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।