- मोहना, ओल्ड फरीदाबाद, सिकरोना और तिगांव में आईटीआई की इमारत बनकर तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की नई इमारत में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इसके अलावा मोहना, ओल्ड फरीदाबाद (सेक्टर-18), सिकरोना और तिगांव आईटीआई की पढ़ाई अपने भवन में होगी। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं हैं। जिले में अब कुल नौ राजकीय आईटीआई में अगले सत्र से विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को बजट सत्र के दौरान बताया कि जिले के चार आईटीआई के भवनों का काम पूरा हो चुका है। अगले सत्र से इनमें कक्षाएं लगना शुरू हो जाएंगी। ओल्ड फरीदाबाद स्थित आईटीआई में अगले सत्र से स्वतंत्र रूप से कक्षाएं लगेंगी। अभी तक एनआईटी पांच स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कक्षाएं लग रहीं थी। एनआईटी पांच आईटीआई के वरिष्ठ अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद में जल्द ही दाखिले की प्रकिया शुरू हो जाएगी। इसका भवन बनकर तैयार है। तिगांव, मोहना और सिकरोना में भी आईटीआई का भवन बनकर तैयार है। इसमें भी जल्द ही कक्षाएं लगने लगेंगी।