ओले पड़े तो 72 घंटे के अंदर ही बीमा क्लेम ले सकेंगे
बल्लभगढ़। बारिश बीते चार दिन से जारी है। अब तक की बारिश से रबी की फसल को फायदा ही हुआ है। हालांकि अब आगामी दो दिन में बारिश फिर से अपना रंग दिखा सकती है। मौसम के रुख देखते हुए कृषि किसान विभाग ने किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अधिक बारिश और किसी भी तरह की मौसमी मार से फसल को नुकसान होने पर महज 72 घंटे में ही बीमा क्लेम लिया जा सकता है। ऐसे में किसान अपने दस्तावेज के साथ तैयार रहें। ग्रामीण क्षेत्र में फसल का नुकसान होने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं।
वहीं बल्लभगढ़ में 1 एमएम, मोहना में 2 एमएम और दयालपुर 5 एमएम बारिश दर्ज की गई। बल्लभगढ़ के ग्रामीण क्षेत्र में गेहूं और सरसों की फसल बो रखी है, किसानों को फसलों में पानी लगाना था लेकिन लगातार बारिश के कारण यह खर्चा भी बच गया। किसान अब तक हुई बारिश को अमृत बता रहे हैं।
यमुना तट पर बसे गांव अल्लीपुर के किसान रामकिशन ने बताया कि बारिश से रबी की फसल को फायदा है। क्योंकि इन दिनों रबी की फसल में पानी की जरूरत होती है जो बारिश पूरी कर रही है।
वहीं शाहूपुरा खादर देवेंद्र भाटी व चांदपुर के किसान सूरजपाल उर्फ भूरा ने कहा कि बारिश होने के कारण गेहूं में पानी नहीं देना पड़ेगा। इससे बिजली की बचत हो रही है।
एक-दो दिन सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम दो दिन खराब रहेगा। बारिश होने के साथ संभव है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो। अगर ऐसी स्थिति बनती है तो किसान अपना फसल ब्योरा तीन दिन के अंदर सेक्टर-12 स्थित कृषि उपनिदेशक के पास जमा करा दें। इसके बाद ही नुकसान की भरपाई हो सकेगी। इसके लिए आधार कार्ड, फसल प्रीमियम कॉपी, बैंक पासबुक और खेत की फर्द तैयार रखें।
- डॉ. दलवीर सिंह, एसडीओ कृषि एवं किसान कल्याण विभाग