सहयोगी करंट लगने के बाद दूसरी मंजिल से नीचे गिरा, सिर लगी गंभीर चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी की गली नंबर-29 में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कंपनी की छत पर मशीन चढ़ाते समय हाइड्रा क्रेन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टच हो गई। इससे जोरदार धमाका हुआ और हादसे में हाइड्रा क्रेन चला रहा युवक और उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को तुरंत इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में स्थित एसवी मनी मेट्रोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड नाम की वर्कशॉप है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे कंपनी की छत पर सीएनसी मशीन चढ़ाने का काम चल रहा था। इसके लिए हाइड्रा क्रेन को गली के अंदर लाकर मशीन को रस्सियों और हुक की मदद से बांधा गया था और उसे ऊपर छत तक उठाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान क्रेन का बूम कंपनी के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही क्रेन का बूम बिजली की लाइन से टच हुआ, उसमें तेज करंट दौड़ गया और जोरदार धमाका हो गया।
हादसे में हाइड्रा क्रेन चला रहा युवक सुमित करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। वहीं, जो साथी मनोज छत पर खड़ा होकर मशीन को पकड़ रहा था, उसे भी करंट का झटका लगा और वह छत से नीचे गली में गिर गया। गिरने से मनोज के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को तुरंत आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सुमित की हालत ज्यादा गंभीर है। उसके हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए हैं, जबकि पैर की उंगलियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, दूसरी ओर घायलों के परिजन मुकेश कुमार का आरोप है कि काम शुरू करने से पहले बिजली की लाइन बंद नहीं करवाई गई थी। परिजनों ने मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया। बीके अस्पताल में उपचार के बाद दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया।