मारपीट के दौरान दूसरी मंजिल से दिया गया था धक्का
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के बैरागी चौक समयपुर में दूसरी मंजिल से गिरकर हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला दहेज उत्पीड़न और हत्या से जुड़ा हुआ है।
10 अक्तूबर को समयपुर निवासी गीता देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी 21 वर्षीय बेटी लक्ष्मी की शादी करीब एक साल पहले लोकेश नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही लक्ष्मी को उसका पति लोकेश, ससुर हेतराम और सौतेली सास गुड्डू देवी लगातार दहेज के लिए परेशान करते थे और उससे मारपीट करते थे।
गीता देवी के अनुसार 8 और 9 अक्तूबर की रात को तीनों ने लक्ष्मी के साथ बुरी तरह मारपीट की। उस समय वह सात महीने की गर्भवती थी। मारपीट के दौरान लक्ष्मी को धक्का दिया गया, जिससे वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान 9 अक्तूबर की रात उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के बयान दर्ज किए। गीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर और सौतेली सास के खिलाफ दहेज हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ससुर हेतराम और सौतेली सास गुड्डू देवी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आरोपी पति लोकेश गिरफ्त से बाहर था। वह 9 अक्तूबर से गायब था और अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखता था। वह राहगीरों से फोन लेकर अपने परिजनों से संपर्क करता था। जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत हो रही थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लोकेश सीकरी गांव के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद लोकेश को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान उससे घटना की पूरी जानकारी ली जाएगी और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह मामला दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर मामला है। जिसमें सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।