टीम ने मंगलवार को शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए
ये मामला नवंबर 2023 का बताया गया है
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। थाना सराय ख्वाजा पुलिस पर थर्ड डिग्री के आरोपों को लेकर हरियाणा मानवाधिकार आयोग की टीम मंगलवार को फरीदाबाद पहुंची। टीम ने सेक्टर-16 सर्किट हाउस में शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। ये मामला नवंबर 2023 का बताया गया है। जिसे लेकर हिंदू व सामाजिक संगठगों की ओर से आयोग को शिकायत दी गई थी।
विभिन्न हिंदू व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से 11 नवंबर 2023 को हरियाणा मानवाधिकार आयोग को शिकायत दी गई थी। शिकायत देने वालों में पंकज जैन, अवनीश जांगिड़, विजय हिंदू, संदीप कुमार, अमित सहौर, राबिन श्रीवास्तव, आकाश त्यागी, अनुज और सचिन व अन्य नाम बताए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दूसरे समुदाय के लाेगों ने सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में आलोक नामक एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर जब हिंदू व सामाजिक संगठनों के लोग शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। तब सराय ख्वाजा थाना के तत्कालीन एसएचओ समेत 20 से अधिक पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए और जमकर पीटा। हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूसकर चमड़े के पट्टे से पीटने का आरोप लगाया गया। इसी को लेकर मंगलवार को मानवाधिकार आयोग की टीम मंगलवार को फरीदाबाद पहुंची और बयान दर्ज किए।