नए साल से एचएसआरपी की होगी होम डिलीवरी
फरीदाबाद। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने में हो रही परेशानियों को देखते हुए नए साल में शहरवासियों को होम डिलीवरी की सुविधा मिलनी शुरू होगी। कंपनी अपने डीलरों को ऑनलाइन करने जा रही है। यह प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही डेटा अपलोड होने के बाद ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
लिंक उत्सव कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विरेंद्र ने बताया कि लोग नंबर प्लेट व स्टीकर के लिए ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वे www.hsrphr.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसमें वे प्रदेश के अपने चुनिंदा डीलर को चुनकर वहां नंबर प्लेट बुक करवा सकते हैं। होम डिलीवरी की सुविधा शुरू होने के बाद प्लेट सीधे वाहन स्वामियों के घर तक भेजी जाएगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए वाहन स्वामियों को ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ेगा। शुल्क निर्धारित होते ही लोगों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। अभी रोजाना 4000 हजार से अधिक लोग नंबर प्लेट के लिए आवेदन कर रहे हैं।
आसान की गई ऑनलाइन सुविधा
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुक कराने के लिए अब प्रक्रिया को और भी आसान कर दी गई है। अब आवेदन फॉर्म छह चरणों में नहीं भरना पड़ेगा। 12 की जगह सिर्फ छह कॉलम में आवेदन करना होगा। इसके साथ ही अब गाड़ी का नंबर डालते ही अपने आप ही सभी जानकारी आ जाएगी। वहीं इंजन व चेचिस नंबर के सिर्फ अंतिम के पांच अंक भरने होंगे। अगर किसी का डाटा मैच नहीं होता है तो उसे अपनी आरसी और गाड़ी की आगे-पीछे की नंबर प्लेट की फोटो अपलोड करनी होगी।