How will the war win, 2.25 lakh people roaming without taking second dose
फरीदाबाद। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जिले में अभी भी सवा दो लाख लोग टीके की दूसरी डोज से दूर हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि बचे हुए करीब 15 फीसदी लोगों को दूसरी डोज लगाने के लिए टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। सभी से अपील की जा रही है कि नजदीकी टीकाकरण सेंटर पर दूसरी डोज के टीके लगाएं।
जिले में 76 सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा आठ निजी अस्पतालों पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक कुल 32,01,339 लोगों को कोरोना से बचाव के टीके लगाए गए हैं। इनमें से 18,46,268 लोगों ने पहली एवं 13,55,123 लोगों ने दूसरी डोज ली हैं। अभियान में एक दिक्कत यह आ रही है कि दिल्ली, व अन्य शहरों के लोग भी फरीदाबाद स्थित केंद्रों पर कोरोना के बचाव के टीके लगवा रहे हैं। इनमें से कइयों की दूसरी डोज लगवाने का समय समाप्त हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जब इनसे संपर्क कर रहे हैं, तो ये फोन नहीं उठा रहे हैं। अगर कोई फोन उठा रहे हैं तो उनकी ओर से समुचित जवाब नहीं मिल रहा है।
तेज किया गया अभियान
जिले में 85 फीसदी तक लोग कोरोना से बचाव के टीके की दूसरी डोज लगवा ली है। टीकाकरण के अभियान को तेज कर दिया गया है। यहां रोजाना 20 हजार से अधिक लोगों को कोरोना से बचाव के टीके लगाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने नजदीकी सेंटर पर टीका लगाने जरूर आएं। जल्द टीकाकरण अभियान को पूर्ण कर शहर को सुरक्षित किया जाएगा। - डॉ. विनय गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।