फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण की वेबसाइट पांच दिनों से ठप पड़ी है। इस कारण उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिल भरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को भी वेबसाइट बंद होने पर कई उपभोक्ता बिल भरने के लिए बिजली विभाग के दफ्तर पहुंचे। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम पूरी तरह से ध्वस्त नजर आए। शुक्रवार को बिल के भुगतान का आखिरी दिन है।
कोरोना महामारी के दौरान बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं को ज्यादा से ज्यादा विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं, पांच दिनों से विभाग की वेबसाइट में तकनीकी खराबी आ रही है। सेक्टर-28 निवासी उपभोक्ता पवन ने बताया कि ऑनलाइन बिल भरने के दौरान जब भुगतान करने का ऑप्शन आता है तो उसके बाद तकनीकी खराबी बता दी जाती है। बिजली दफ्तर में बिल भरने वालों की भीड़ लगी रहती है। शुक्रवार को बिल भरने का अंतिम दिन है। ऐसे में अगर समय पर बिल का भुगतान नहीं किया तो जुर्माना भरना पड़ेगा।
वहीं सेक्टर-28 निवासी दीपक यादव ने बताया कि वह हमेशा ऑनलाइन बिल का भुगतान करते हैं, मगर वेबसाइट काम नहीं करने के कारण बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे है। इस संबंध में बिजली निगम अधिकारियों को शिकायत की है मगर कोई सुनवाई नहीं होती। बिजली दफ्तरों में लोगों की भीड़ लगी रहती है। यहां सामाजिक दूरी के नियमों की अनदेखी की जा रही है। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है। इस पर बिजली निगम की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस संबंध में बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ ने कहा है कि मुख्यालय स्तर पर वेबसाइट को लेकर अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द समाधान हो जाएगा।