कमरा नंबर 38 में सोमवार को नाइट ड्यूटी पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल में कमरा नंबर 38 में सोमवार को नाइट ड्यूटी पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस दौरान एक भी मरीज की एमएलसी नहीं काटी गई और मरीज वापस लौट गए।
कमरा नंबर 38 में आपात स्थिति व गंभीर अवस्था में पहुंचने वाले मरीजों की एमएलसी काटी जाती है। सोमवार को रात भर मरीज परेशान हुए। रविवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक प्रिया नाम की कर्मचारी की ड्यूटी थी, लेकिन वह अपने काम पर नहीं पहुंची। प्रिया की जगह पर किसी और कर्मचारी की भी ड्यूटी नहीं लगाई गई।
वहीं शनिवार को भी सुबह 8 बजे से 2 बजे तक प्रिया ड्यूटी पर नहीं पहुंची थी। मरीज घंटों तक कर्मचारी के आने का इंतजार करते रहे और थक जाने के बाद वापस लौट गए। अस्पताल प्रशासन की इस तरह की लापरवाही का भुगतान मरीजों को करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन की ओर किए जा रहे प्रयास और कार्य विफल होते नजर आ रहे हैं। कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर पहुंच ही नहीं रहे हैं और सब कुछ पता होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसको लेकर अगले शिफ्ट वाले कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि उन्हें डबल काम करना पड़ रहा है। इसको लेकर अन्य कर्मचारियों व चिकित्सकों ने शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा है।
- वर्जन
इस बारे में जानकारी मिली है। इसको लेकर जांच की जाएगी। उसके नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी