हरियाणा में 104 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाले प्लेटफॉर्म खरीदने का प्रस्ताव, फरीदाबाद को भी मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रदेश सरकार ने 90 मीटर के दो और 104 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाले दो एरियल लेडर प्लेटफॉर्म खरीदने के प्रस्ताव से शहरवासियों को शहर के अग्निशमन विभाग के बेड़े में एरियल लेडर प्लेटफॉर्म मिलने की उम्मीद जगी है। मौजूदा समय में शहर में बहुमंजिला इमारतों और आवासीय सोसाइटियों में आग लगने की स्थिति में ऊंची मंजिलों तक पहुंचने के लिए अग्निशमन विभाग के पास एक भी एरियल लेडर प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं है।
ग्रेटर फरीदाबाद के साथ सेक्टर-75, 76, 77 और 78 में बड़ी संख्या में बहुमंजिला सोसाइटियां विकसित हो चुकी हैं। ओमेक्स हाइट्स, पार्क ग्रैंड्यूरा, बीपीटीपी पार्क फ्लोरेंस और एसआरएस रेजिडेंसी जैसी सोसाइटियों में बड़ी संख्या में परिवार ऊंची मंजिलों पर रहते हैं। इन क्षेत्रों में लगातार आवासीय निर्माण बढ़ने के साथ ऊंची इमारतों में आग से निपटने के लिए आधुनिक संसाधनों की जरूरत भी बढ़ रही है।
ऊंची मंजिलों तक पहुंचना बनता है चुनौती
वर्तमान में आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग के पास उपलब्ध संसाधनों से सीमित ऊंचाई तक ही राहत और बचाव कार्य किया जा सकता है। बहुमंजिला इमारत में ऊपरी मंजिलों पर आग लगने या लोगों के फंसने की स्थिति में दमकल कर्मियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। एरियल लेडर प्लेटफॉर्म की मदद से ऊंचाई तक पहुंचकर आग बुझाने के साथ बचाव अभियान चलाना आसान हो सकता है।
चार प्लेटफॉर्म खरीदने की तैयारी
हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय की ओर से चार एरियल लेडर प्लेटफॉर्म खरीदने का प्रस्ताव है। इनमें दो प्लेटफॉर्म 90 मीटर और दो 104 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने की क्षमता वाले होंगे। पुरी प्रणायाम सोसाइटी की आरडब्लयूए के पदाधिकारी गुरदीप गांधी ने बताया कि फरीदाबाद में बहुमंजिला सोसाइटियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक अग्निशमन उपकरण बेहद जरूरी हैं। एरियल लेडर प्लेटफॉर्म उपलब्ध होने से दमकल विभाग की राहत और बचाव क्षमता बढ़ेगी। सरकार का यह प्रस्ताव फरीदाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है।