सेक्टर-37 स्थित रामलीला मैदान में हिंदू सम्मेलन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-37 स्थित रामलीला मैदान में रविवार को एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। जहां हजारों सनातनी बंधुओं ने संगठित होकर अपनी एकता और संस्कृति का परिचय दिया। हिंदू सम्मेलन में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हिंदू भूमि का कण-कण शक्ति का अवतार है और अब समय आ गया है कि हिंदू समाज अपनी शक्ति को पहचान कर संगठित हो। कार्यक्रम का शुभारंभ अमन शास्त्री एवं गुरुकुल के छात्र और छात्राओं द्वारा अत्यंत विधि-विधान से किए गए वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। जिससे संपूर्ण वातावरण शुद्ध और भक्तिमय हो गया।
इस सम्मेलन में साध्वी प्रज्ञा भारती, समाजसेवी शाहमल विधूड़ी ने हिंदू जागरण की दिशा में नई ऊर्जा भरने का आह्वान किया। इस्कॉन से लक्ष्मी नारायण नौटियाल ने धर्म की व्याख्या करते हुए समाज को नई चेतना प्रदान की। कार्यक्रम की सफलता का मुख्य स्तंभ इसकी आयोजन समिति रही। जिसके संयोजक और आरडब्ल्यूए सेक्टर-37 के प्रधान आई डी शर्मा ने सभी को एक सूत्र में पिरोया। इस सम्मेलन की विशेषता यह रही कि इसमें 36 बिरादरी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।