आईटीआई में नए सत्र के दाखिले की प्रक्रिया जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के नौ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नए सत्र के दाखिले की प्रक्रिया जारी है। जिले के आईटीआई संस्थानों में इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), फिटर और इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक जैसी ट्रेड पहली पसंद बनी हुई हैं। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के लिए अब तक 150 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। वहीं कोपा के लिए करीब 100 और फिटर-इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक के लिए लगभग 100 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इसके विपरीत, वेल्डर, प्लंबर और कैटरिंग एंड हॉस्पिटैलिटी असिस्टेंट जैसी ट्रेडों को लेकर छात्रों में भारी उदासीनता देखने को मिल रही है। इन ट्रेडों में प्रति विद्यालय औसतन केवल तीन से चार आवेदन ही आए हैं। एनआईटी-5 स्थित आईटीआई संस्थान में वेल्डर और कैटरिंग के लिए सिर्फ सात-सात, प्लंबर के लिए महज पांच आवेदन मिले हैं। सिकरौना, तिगांव, ऊंचागांव और मोहना के संस्थानों में संख्या इससे भी चिंताजनक है। शिक्षकों के अनुसार, इस असमानता के पीछे मुख्य वजह सरकारी नौकरियों के अवसर और काम की प्रकृति है। इलेक्ट्रिशियन और कोपा ट्रेडों में समय-समय पर सरकारी नौकरियां निकलती रहती हैं। वहीं वेल्डर और प्लंबर में मेहनत और शारीरिक श्रम अधिक लगता है, जिसके कारण छात्र इनसे कतरा रहे हैं।
जागरूकता अभियान जारी
एनआईटी-5 आईटीआई के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि छात्र फिलहाल अपनी पसंद के अनुसार आवेदन कर रहे हैं। हालांकि, वेल्डर और प्लंबर जैसी ट्रेडों के अपने अलग फायदे हैं और इनमें स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इन ट्रेडों में सीटें भरने के लिए छात्रों को जागरूक किया जा रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही इनमें भी आवेदनों की संख्या बढ़ेगी। हालांकि फिलहाल साइट नहीं चलने के कारण कुछ दिनों से नए ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पा रहे हैं।