फरीदाबाद। कोरोना काल में अब तक के सर्वाधिक 1080 संक्रमित मरीजों की पुष्टि बीते 24 घंटे में हुई है। इस दौरान चार मरीजों की मौत भी हुई। बीते एक सप्ताह में पांच हजार से अधिक मरीज चिह्नित किए जा चुके हैं। वहीं, बीते 19 दिन की बात करें तो अब तक के सर्वाधिक 9087 नए मरीज मिलने की पुष्टि विभाग की ओर से की गई है। संक्रमण के ग्राफ को देखें तो अब तक सर्वाधिक मामले नवंबर 2020 में मिले थे। इस दौरान एक माह में 15195 नए मरीज मिले। संक्रमण की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या पहले से कई गुना हुई है। आलम यह है कि 9087 नए मरीज बीते 19 दिन में मिले हैं। यही रफ्तार बनी रही, तो अप्रैल महीना नवंबर में मिलने वाले मरीजों की संख्या का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकता है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की कारण हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1080 नए कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि की है। कोरोना संक्रमण की शुरूआत होने के बाद पहली बार एक दिन में मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या एक हजार से पार पहुंची है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 698 लोगों को संक्रमण मुक्त घोषित किया है, जबकि चार कोरोना संक्रमितों की मौत की पुष्टि की है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 56828 हो गई है। इनमें से 50808 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अभी तक 443 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के उपचाराधीन मामलों की संख्या 5577 हो चुकी है। इनमें से 778 अस्पतालों में भर्ती हैं। शेष 4799 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पतालों में भर्ती 188 मरीजों को ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखा गया है, जबकि 27 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
91 सेशन में 6252 ने कराया टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तरफ से सोमवार को टीकाकरण के 91 सेशन आयोजित किए गए। इस दौरान 6252 लोगों को टीके की पहली व दूसरी डोज लगाई गई। इनमें से 3995 लोगों ने टीके की पहली व 2258 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ रमेश ने बताया कि 45 से 59 साल तक की उम्र के 2935 लोगों ने टीके की पहली व 680 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। 60 साल से अधिक उम्र के 955 बुजुर्गों ने टीके की पहली व 1486 बुजुर्गों ने दूसरी डोज लगवाई। इसी तरह 51 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने टीके की पहली व 42 ने दूसरी डोज ली। वहीं, 54 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीके की पहली व 50 स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरी डोज ली। डॉ रमेश ने बताया कि मंगलवार को भी टीकाकरण अभियान जारी रहेगा और अधिक से अधिक जगहों पर टीकाकरण के सेशन आयोजित किए जाएंगे।
संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। लोगों से अपील है कि अपना टीकाकरण कराएं। साथ ही लोग कोविड 19 के नियमों का पालन करें।
- डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
इस समय प्रति एक लाख की आबादी पर 34510 सैंपल लिए जा रहे हैं। कोरोना का रिकवरी रेट 89.9 प्रतिशत बना हुआ है, जबकि एक्टिव केस रेट 8.5 प्रतिशत बना हुआ है। सोमवार को 3356 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 2987 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
- डॉ. रामभगत, कोविड नोडल अधिकारी