फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए अब आंकड़ों का खेल शुरू हो गया है। पिछले एक सप्ताह में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से 12 मौतों का अधिकारिक आंकड़ा जारी किया। वहीं नगर निगम की मानें तो पिछले एक सप्ताह के दौरान 70 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में जिले में 4515 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 1832 कोरोना संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वस्थ घोषित किया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 12 संक्रमितों की मौत बताई गई। नगर निगम के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में जिले में करीब 70 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इसका कोरोना गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार किया गया। इनमें 19 शव दूसरे जिलों के हैं। वहीं 51 शव फरीदाबाद के हैं। सभी मृतक 40 वर्ष से ज्यादा उम्र के हैं।
नगर निगम में कोरोना संक्रमितों के शव की जानकारी सैनिटरी इंस्पेक्टर करते हैं। निगम अधिकारियों की शवों को लेकर पता संबंधित गलती हो सकती है। पहले भी गलतियां सामने आई थी। प्राइवेट व सरकारी अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों की मौत की कागजात की जांच के बाद ही पैसों का भुगतान जाएगा। गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- इंद्रजीत सिंह, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम
आंकड़ों को हर 24 घंटों में अपडेट किया जा रहा है। मामलों की सही जानकारी विभाग की ओर से सार्वजनिक की जा रही है। लोगों को संक्रमण काल में सतर्क रहने की जरूरत है। यह समय सावधान रहने का है, इसके लिए सभी को प्रयास करने होंगे।
- डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी