फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: सेक्टर-12 में बनेगा हाईटेक कम्युनिटी सेंटर, शादी समारोह के लिए मिलेगा सरकारी बैंक्वेट हॉल का विकल्प

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री के निर्देश पर एचएसवीपी ने तेज की तैयारी, 15 लाख रुपये में बनेगी डीपीआर

कम्युनिटी सेंटर सेंट्रल एसी, सोलर पावर, फायर सेफ्टी और आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। शहर के लोगों को जल्द ही निजी बैंक्वेट हॉल का सरकारी आधुनिक विकल्प मिलने जा रहा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-12 में कन्वेंशन हॉल के सामने अत्याधुनिक कम्युनिटी सेंटर सह बैंक्वेट हॉल बनाने की तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश के बाद परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। फिलहाल 15 लाख रुपये की लागत से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद भवन की कुल निर्माण लागत तय होगी, जिसके करोड़ों रुपये में होने की संभावना है। यहां शादी-विवाह, रिसेप्शन, जन्मदिन, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम निजी बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाओं के साथ आयोजित किए जा सकें।

शहर के बीचोंबीच मिलेगा नया आयोजन स्थल

सेक्टर-12 जिले का प्रमुख क्षेत्र है। यहां जिला सचिवालय, न्यायिक परिसर, टाउन पार्क और कन्वेंशन हॉल जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं पहले से ही मौजूद हैं। ऐसे में इसी क्षेत्र में कम्युनिटी सेंटर बनने से शहर और आसपास के सेक्टरों के लोगों को सुविधाजनक स्थान पर आयोजन स्थल उपलब्ध होगा। वर्तमान में अधिकांश परिवारों को शादी और अन्य बड़े आयोजनों के लिए निजी बैंक्वेट हॉल या होटलों पर निर्भर रहना पड़ता है, जहां किराया और अन्य खर्च काफी अधिक होते हैं। प्रस्तावित सेंटर से लोगों को अपेक्षाकृत किफायती सार्वजनिक विकल्प मिलने की उम्मीद है। हालांकि एचएसवीपी ने अभी तक बुकिंग शुल्क या संचालन नीति तय नहीं की है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि इसकी दरें निजी बैंक्वेट हॉल की तुलना में कितनी कम होंगी।
विज्ञापन


डीपीआर के बाद तय होगी निर्माण लागत

एचएसवीपी ने परियोजना के लिए तकनीकी सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सलाहकार भवन का सिविल, स्ट्रक्चरल, इंटीरियर और एक्सटीरियर डिजाइन तैयार करेगा। साथ ही पार्किंग, एयर कंडीशनिंग, बिजली, प्लंबिंग, फर्निशिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका भी डीपीआर में शामिल होगा। भवन निर्माण की कुल लागत अभी तय नहीं हुई है। डीपीआर तैयार होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि परियोजना पर कितने करोड़ रुपये खर्च होंगे। एचएसवीपी के रिकॉर्ड के अनुसार परियोजना के लिए 730 दिन की कार्य अवधि निर्धारित की गई है।

एक दर्जन से अधिक सेक्टरों को मिलेगा लाभ

सेक्टर-12 में प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर बनने से शहर के एक दर्जन से अधिक सेक्टरों के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11, 15 और 16 के निवासियों के लिए यह सबसे सुविधाजनक आयोजन स्थल होगा। इसके अलावा आसपास के अन्य सेक्टरों के लोग भी शादी-विवाह, रिसेप्शन, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए इसका उपयोग कर सकेंगे। वर्तमान में ऐसे आयोजनों के लिए लोगों को महंगे निजी बैंक्वेट हॉल या होटलों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे खर्च काफी बढ़ जाता है। सरकारी कम्युनिटी सेंटर शुरू होने पर लोगों को अपेक्षाकृत किफायती विकल्प मिलेगा। इसका सबसे अधिक लाभ मध्यमवर्गीय परिवारों को होगा, जिन्हें कम खर्च में आधुनिक सुविधाओं वाला आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
विज्ञापन


आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस-

प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। भवन में सेंट्रलाइज्ड एचवीएसी सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बड़े हॉल में एक साथ होने वाले आयोजनों में लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। ऊर्जा बचत के लिए सोलर पावर सिस्टम और ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा को भी डिजाइन का हिस्सा बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म, फायर फाइटिंग सिस्टम और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा एलटी-एचटी एवं एलवी सिस्टम, आधुनिक इलेक्ट्रिकल नेटवर्क, प्लंबिंग और हॉर्टीकल्चर का भी प्रावधान किया जाएगा।






विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें