पलवल निवासी युवक ने कहा, इलाज के दौरान पिता की हो गई थी मौत
पोस्टमॉर्टम कराने की मांग करने पर धमकाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल के हार्ट सेंटर में फर्जी सर्जन बनकर मरीजों का उपचार करने के मामले में आरोपी डॉ. पंकज मोहन शर्मा के खिलाफ एक और शिकायत सामने आई है। अब आरोपी डॉ. पंकज मोहन शर्मा के खिलाफ पीड़ित पक्ष ने एसजीएम नगर थाने और सीएम को शिकायत देकर जांच करने की मांग की है।
पीड़ित पलवल के परसुआ मोहल्ला का रहने वाला है। पीड़ित राजाराम का कहना है कि उनके पिता की तबीयत कुछ ठीक नहीं थी। जिसके बाद 10 जनवरी को आरोपी ने उनके पिता रामकिशन का इलाज किया था। उनके पिता को केवल घबराहट की शिकायत थी, लेकिन आरोपी ने स्टंट डाल दिया। जिसके बाद उनकी तबीयत और भी ज्यादा बिगड़ गई थी। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने कई बार डॉ. को बुलाया, लेकिन कोई नहीं आया। आरोप है कि इलाज के दौरान उनके पिता की कुछ घंटे बाद मौत हो गई।
उनका कहना है कि इलाज के लिए उनसे 52 हजार रुपये भी लिए गए थे। लेकिन, उसकी रसीद तक नहीं दी गई। जब उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की तो उन्हें उनके खिलाफ केस दर्ज कराने की बात कहकर धमकाया गया। इसको लेकर पीएमओ और सीएमओ से शिकायत की गई थी, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब सीएम को भेजे गए पत्र में पीड़ित का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में आरोपी डॉक्टर के अलावा अन्य स्टाफ शामिल है। उन्होंने इलाज के दौरान दिए 52 हजार रुपये लौटाने की मांग भी की है।