साक्षात्कार के माध्यम से किया गया चिकित्सकों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विभिन्न विभागों में चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन ने 8 और 9 जून को आयोजित साक्षात्कार का परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित चिकित्सकों की नियुक्ति के बाद अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी परिणाम के अनुसार फार्माकोलॉजी विभाग में डॉ. संस्कृति रूपायणा और जनरल सर्जरी विभाग में डॉ. अतुल जायसवाल का चयन छह माह के लिए सीनियर रेजिडेंट पद पर किया गया है। वहीं बाल रोग विभाग में डॉ. भारती अग्रवाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में डॉ. तहमीना खातून तथा नेफ्रोलॉजी विभाग में डॉ. महिमा बंसल का चयन 39 दिनों के लिए सीनियर रेजिडेंट के रूप में हुआ है। इसके अलावा आईसीयू विभाग के लिए डॉ. अरुण प्रताप सिंह का चयन एक वर्ष के लिए नॉन-पीजी रेजिडेंट पद पर किया गया है।
अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से ओपीडी, भर्ती मरीजों की देखभाल और आपातकालीन सेवाओं को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से जनरल सर्जरी, बाल रोग, स्त्री रोग और नेफ्रोलॉजी जैसे विभागों में अतिरिक्त डॉक्टरों के आने से मरीजों को समय पर परामर्श और उपचार मिलने में सुविधा होगी।
अस्पताल में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। विभिन्न विभागों में चिकित्सकों की नियुक्ति से मरीजों को लाभ मिलेगा तथा उपचार सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है और सभी नियुक्तियां नियमानुसार की जाएंगी।-डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय, डीन।