दिवाली के मद्देनजर लिया गया फैसला, तीन चिकित्सकों की इमरजेंसी में लगाई ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीके अस्पताल के द्वितीय तल स्थित बर्न वार्ड को मंगलवार को पूरी तरह साफ कर उसमें छह बेड लगा दिए गए हैं। पटाखों से झुलसने वाले संभावित मरीजों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल ने यह विशेष प्रबंध किया है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि दिवाली वाले दिन अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। इमरजेंसी में तीन चिकित्सकों की ड्यूटी तय की गई है। वहीं, दोपहर बाद की शिफ्ट में दो चिकित्सक कार्यरत रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सक ऑन कॉल ड्यूटी पर रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बुलाया जा सके। दिवाली तक सभी आवश्यक दवाओं और चिकित्सीय संसाधनों की भी व्यवस्था कर ली जाएगी। गौरतलब है कि जिले में पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद बड़ी संख्या में लोग पटाखे जलाते हैं। इससे हर साल कई लोग झुलस जाते हैं। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए बर्न वार्ड को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
बीके अस्पताल प्रशासन ने स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बिना पूर्व सूचना के फरीदाबाद नहीं छोड़ सकते। अस्पताल प्रबंधन हर स्थिति से निपटने को तैयार है ताकि दिवाली के दौरान लोगों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।