- 14 होम शेल्टर पर तैनात की गईं टीमें और मोबाइल मेडिकल यूनिट
- स्वास्थ्य विभाग की टीमें कर रहीं लोगों के स्वास्थ्य की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की 25 टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें प्रभावित क्षेत्रों के अलावा ठहरने के लिए बनाए गए राहत शिविरों में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। जांच के दौरान व्यक्ति को जिस इलाज की जरूरत होगी, उसका इलाज किया जाएगा और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गठित ये टीमें जिला सिविल सर्जन डॉ. विनय गुप्ता के नेतृत्व में काम करेंगी। इन टीमों के अलावा मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस सेवा भी प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध रहेगी ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी व्यक्ति को समय पर सहायता प्राप्त हो सके।
बनाए हुए हैं 14 शेल्टर होम
यमुना में बाढ़ आने के बाद प्रशासन द्वारा 14 होम शेल्टर बनाए गए थे। जिनमें प्रभावित लोग ठहरे हुए हैं। ये शेल्टर होम गांव बसंतपुर, ददसिया, किडावली, लालपुर, मौजमाबाद, भस्कोला,महावतपुर, अमीपुर, सिधोला, चिरसी, कबूलपुर पट्टी महताब, कबूलपुर पट्टी परवरिश गांव, अकबरपुर, माजरा शेखपुरा, दयालपुर, मंझावली, गुरसान, नगला माजरा चांदपुर, शाहजहांपुर, शाहुपुरा, बिकुका, दुलहीपुर, नतीफपुर, जफरपुर माजरा छांयसा, छायंसा और मोहना, कांवरा, डूंगरपुर, रायपुर कलां, पल्हैड़ा और तिलोरी खादर में बनाए हुए हैं। इन सभी में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जरूरत की दवाइयों के अलावा डॉक्टर तथा स्वास्थ्य कर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही सभी जगह मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस तैनात की गई है। जिला सिविल सर्जन डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी जानकारी की आवश्यकता है या किसी भी प्रकार की सूचना जिला प्रशासन को देनी है तो वे सेक्टर-12 स्थित डीआरओ कार्यालय में स्थापित किये गए बाढ़ नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 0129-2227937 पर दे सकते हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधित समस्या के लिए शेल्टर होम पर संपर्क कर सकते हैं।