फरीदाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने मलेरिया रोकथाम के लिए जागरूकता का आह्वान किया है। उन्होंने घरों या आंगन में पानी को जमा करने पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कहीं पानी जमा है तो उसमें काला तेल डाल दें ताकि उसमें मच्छर न पनप सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान तापमान में बार-बार बदलाव से मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सावधानी रखना जरूरी है। बुखार को अक्सर लोग वायरल फीवर समझ लेते हैं और कभी-कभी डेंगू या मलेरिया के मरीज की हालत बिगड़ जाती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतें।
सिविल सर्जन डा. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि ठहरे हुए पानी में मच्छर पैदा होते हैं। कूलर, बाथरूम, किचन आदि में जहां पानी रुका रहता है, वहां दिन में एक बार मिट्टी का तेल या मच्छर भगाने वाला स्प्रे डालें। उन्होंने कहा कि मच्छरों से बचाव करने के लिए पूरा शरीर ढकने वाले कपड़े पहनें। खासकर बच्चों को स्कर्ट और हाफपैंट वगैरह न पहनाएं। मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी सबसे अच्छा तरीका है। इससे नुकसानदायक केमिकल्स का खतरा भी नहीं रहता। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर डॉक्टर के पास जाएं और उससे उचित परामर्श लें।