फरीदाबाद। देशभर में जारी किसान आंदोलन का जोर बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में जगह-जगह उनके समर्थन में किसान दिल्ली की ओर कूच करने लगे हैं। जिले में किसानों का पड़ाव सीकरी व बदरपुर बॉर्डर के समीप क्षेत्रों में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आंदोलनरत किसानों के स्वास्थ्य पर संज्ञान लेते हुए उनके लिए एंबुलेंस व कोरोना जांच की व्यवस्था की है, इसके लिए अलावा जरूरत अनुसार मोबाइल वैन की व्यवस्था की है।
मुख्य स्वास्थ्य जांच अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर इन दिनों सतर्कता बरती जा रही है। खास तौर पर किसानों को लेकर व्यवस्थाएं पुख्ता की गई हैं। उन्होंने बताया कि लगातार तीन दिन से जिले में किसान आंदोलन का प्रभाव बड़ा है, वहीं दिल्ली में धरने पर बैठे किसानों के खराब स्वास्थ्य की सूचनाएं मिल रही हैं। ऐसे में पलवल-फरीदाबाद के सीकरी बॉर्डर और दिल्ली फरीदाबाद के बदरपुर बॉर्डर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। वहां फिलहाल एक-एक एंबुलेंस सेवा व इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओँ का प्रबंध किया गया है।
वहीं, बॉर्डर क्षेत्र पर ही कोरोना जांच की व्यवस्था भी किसानों के लिए की गई है। इसके अलावा मेडिकल मोबाइल वैन को भी सक्रिय रखा गया है। इसके लिए चार वैन आरक्षित की गई हैं। यह जरूरत अनुसार मौके पर पहुंच कर स्वास्थ्य सेवाओं किसानों को फौरी तौर पर उपलब्ध कराने में सक्षम होगी।