फरीदाबाद। समाधान शिविर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त एवं सचिव साकेत कुमार ने की। इस दौरान प्रदेश के सभी उपायुक्तों से जिलेवार लंबित शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिले की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बैठक में भाग लिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समाधान शिविर की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक पेंडेंसी स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में एसीटीएम अंकित कुमार, एसीपी राजीव कुमार सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।