18 मामलों में है संलिप्त आरोपी की दूसरी जमानत याचिका खारिज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पिस्तौल दिखाकर महिला से सोने की चेन, मंगलसूत्र और 14 हजार 400 रुपये छीनने के मामले में आरोपी को अदालत से दोबारा राहत नहीं मिली। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत ने आरोपी भूपेंद्र उर्फ सोनू की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने आरोपी के पूर्व में जमानत मिलने के बाद फरार होने और उसके खिलाफ 17 अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने को जमानत देने के पक्ष में उचित नहीं माना।
आरोपी को इस मामले में पहले जमानत मिल गई थी, लेकिन वह 11 मार्च 2024 को अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसकी जमानत रद्द कर दी गई और 19 नवंबर 2024 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने छह जून 2025 को उसे दोबारा गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, तभी से वह न्यायिक हिरासत में है। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है और मुकदमे की सुनवाई पूरी होने में अभी लंबा समय लग सकता है। वहीं, सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी पहले भी जमानत का लाभ लेकर फरार हो चुका है। उसके खिलाफ 17 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। ऐसे में दोबारा जमानत मिलने पर उसके फरार होने और फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की आशंका है। दोनों पक्षों को सुनने और रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आरोपी के आचरण और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों को देखते हुए जमानत देने से इन्कार कर दिया।