फरीदाबाद। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालक यातायात नियमों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। यातायात पुलिस की कार्रवाई के बावजूद शहर में ट्रिपल राइडिंग के मामले सामने आ रहे हैं। जनवरी से अक्तूबर 2026 तक ऐसे वाहन चालकों के 14,061 चालान किए गए। आंकड़ों के अनुसार, दस महीने में रोजाना औसतन 46 से अधिक चालक ट्रिपल राइडिंग करते पकड़े गए। दोपहिया वाहन पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से वाहन का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। अचानक ब्रेक लगाने या मोड़ पर वाहन नियंत्रित करने में भी परेशानी हो सकती है।
ट्रिपल राइडिंग यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त चालान की कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि जल्दबाजी में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। -
अनोज कुमार, यातायात थाना प्रभारी