फरीदाबाद में 80 केंद्रों पर 22,776 अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचसीएस) द्वारा आयोजित होने वाली एचसीएस एवं अन्य अलाइड सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 26 अप्रैल 2026 को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल संचालन के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि जिले में इस परीक्षा के लिए 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जबकि दूसरा सत्र दोपहर बाद तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। जिले में लगभग 22,776 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
एडीसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह संवेदनशील कार्य है, जिसमें लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। सभी केंद्रों पर जैमर, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यूपीएससी और आयोग की हिदायतों के अनुसार, परीक्षा में कोताही बरतने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।