फरीदाबाद। सेक्टर-56 स्थित क्रिकेट मैदान पर बुधवार को खेले गए मुकाबले में एचसीपीएस हरिकेंस ने एएस टॉपर्स को चार विकेट से हरा दिया। 15 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को आई एएस टॉपर्स की टीम 14.1 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से निखिल चौधरी ने 22 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि अभय सिंह ने 19 रनों का योगदान दिया।
हरिकेंस के लिए कुणाल मलिक ने तीन ओवर में 18 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि रोहन ने दो और विशाल व यश ने एक-एक विकेट लिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हरिकेंस की टीम ने 13.2 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम के लिए राघव शर्मा ने 27 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली, जबकि अमन ने 20 गेंदों पर 28 रन बनाए। एएस टॉपर्स के लिए दीपक ने दो विकेट लिए। कुणाल मलिक को उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।