मानव रचना कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों से परिचय लेते संस्थान के खेल निदेशक सरकार
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। सूरजकुंड स्थित मानव रचना शैक्षणिक संस्थान में 15वां डॉ. ओपी भल्ला मेमोरियल कॉरपोरेट क्रिकेट चैलेंज टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। रविवार को पहला मुकाबला एचसीएल और एडिडास के बीच खेला गया। इसमें एचसीएल की टीम ने 58 रनों से बाजी मारी। जबकि दूसरा मुकाबला वेव इंफोटेक और मीडिया इलेवन के बीच खेला गया। इसमें मीडिया एलेवल की टीम एक विकेट से बाजी मारी। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में एचसीएल टीम के नितिन शर्मा और दूसरे मुकाबले में हेमंत मैन ऑफ द मैच रहें।
एचसीएल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 291 रन बनाई। टीम की ओर से नितिन शर्मा ने सर्वाधिक 131 रन बनाए। एडिडास की ओर से गेंदबाजी करते हुए योगेश ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एडिडास की टीम निर्धारित 20 ओवर में 233 रन ही बना सकी। एचसीएल की ओर से हिमांशु ने पांच विकेट लिए। वहीं, दूसरे मुकाबला वेव इंफोटेक और मीडिया इलेवन के बीच खेला गया। मीडिया एलेवन की टीम ने टॉस जीतकर वेव इंफोटेक को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 257 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अभिषेक जैन ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। मीडिया एलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए जीएस विवेक, पुनीत और अमित ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मीडिया इलेवन की टीम ने नौ विकेट के नुकसान पर 261 रन बनाकर मैच को अपने कब्जे में कर लिया। टीम की ओर से अमित ने सर्वाधिक 94 रन बनाए। वेव इंफोटेक की ओर से अक्षय ने पांच विकेट लिए।
बिब्रे इलेवन का पीसीके कप पर कब्जा
फरीदाबाद। भूपानी स्थित रावल क्रिकेट अकादमी में रविवार को पीसीके कप का फाइनल मुकाबला न्यू लाइफ और बिब्रे इलेवन के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें बिब्रे इलेवन की टीम ने न्यू लाइफ को आठ विकेट से शिकस्त देकर ट्रॉफी को अपने कब्जे में कर लिया। टीम की ओर से सनी मैन ऑफ द मैच रहें। जबकि बेहतरीन गेंदबाज का खिताब मृदुल त्यागी को और मैन ऑफ द सीरीज गुरमीत सिंह रहें। न्यू लाइफ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रनों पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिब्रे इलेवन की टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर मैच को अपने कब्जे में कर लिया। संवाद