हरियाणा बैडमिंटन टीम के कोच और खिलाड़ी। स्त्रोत कोच
दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में चल रहा है नेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में चल रहे अंडर-17 नेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में हरियाणा की टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए प्री क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। बालक और बालिका दोनों वर्गों की निगाहें अब एक और जीते के साथ अंतिम आठ में जगह बनाने पर हैं। बता दें कि बालिकाओं की टीम ने पहले मैच में केरल से 3-2 से मिली हार के बाद वापसी करते हुए लगातार तीन मुकाबले जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है।
वहीं बालकों की टीम ने बिना कोई मैच गंवाए शान से प्री क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया है। इनमें बालिकाओं ने केरल से हारने के बाद केवीएस को 3-1 से हराया। वहीं एमवीएस और आईबीएसओ को भी 3-1 से पटखनी देकर अंतिम 16 में अपना स्थान बनाया। बालक वर्ग में पहला मैच बेहद रोमांचक रहा। जहां पर हरियाणा ने केवीएस के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज करने में सफलता पाई।
हालांकि इसके बाद छत्तीसगढ़ और झारखंड को 3-1, 3-1 के अंतर से आसानी से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब रविवार को खिलाड़ी अपने अगले मुकाबले के लिए उतरेंगे। बता दें कि हरियाणा की टीम में जिले के तीन खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही फरीदाबाद के जिला खेल शिक्षा अधिकारी हरवीर अधाना टीम के साथ कोच के रूप में गए हैं।
हरियाणा बैडमिंटन टीम के कोच और खिलाड़ी। स्त्रोत कोच