संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में सोमवार को आरटीई के तहत आवेदन करने वाले बच्चों के परिणाम लॉटरी के जरिये घोषित किए जाएंगे। इसके लिए आठ हजार से अधिक सीटें आरक्षित की गई थी। हालांकि सीटों के मुकाबले 50 फीसदी से भी कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 700 से अधिक फार्म फाइनल सबमिट नहीं हो पाए। जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल तक आरटीई के तहत आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। अंतिम समय में आवेदनों की संख्या बढ़ने के कारण साइट पर लोड बढ़ गया, जिसकी वजह से 721 फार्म फाइनल सबमिट नहीं हो पाए। इसके अलावा विभाग द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि भी नहीं बढ़ाई गई। इसकी वजह से सैकड़ों अभ्यर्थी प्रवेश से वंचित रह सकते हैं।
गौरतलब है कि योजना के तहत सभी मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों पर प्रवेश लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। निजी स्कूलों ने 11 से 20 मार्च के बीच सीटों का विवरण दिया, इसके बाद 23 से 29 मार्च तक दस्तावेज का सत्यापन किया गया। एक से छह अप्रैल के बीच सत्यापित स्कूलों की सूची जारी की गई थी।
सोमवार को लॉटरी के जरिये परिणाम घोषित होने के बाद 21 से 30 अप्रैल तक चयनित बच्चों का दाखिला कराया जाएगा। वहीं प्रतीक्षा सूची के आधार पर प्रवेश एक से पांच मई तक होंगे।
वर्जन-
लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई जाएगी। इसके लिए सभी विद्यालयों को सूचित कर दिया गया है। -बसंत कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी