फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने की अपार आईडी अनिवार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
वही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम के पात्र होंगे, जिनकी अपार आईडी आवेदन पत्र में दर्ज होगी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों के लिए अब बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन पत्र में अपार आईडी दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम के पात्र होंगे, जिनकी अपार आईडी आवेदन पत्र में दर्ज होगी। इस संबंध में सभी राजकीय और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यह कदम केंद्र सरकार के 'वन नेशन-वन स्टूडेंट' मिशन का हिस्सा है। इस मिशन के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को एक स्थायी पहचान संख्या दी जाती है, जिसे अपार आईडी कहा जाता है। इस आईडी की मदद से छात्रों की पूरी शैक्षणिक यात्रा का रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम में सुरक्षित रहेगा। इसमें परीक्षा परिणाम, स्कूल बदलने की जानकारी, छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां दर्ज होंगी।
विज्ञापन


शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि अब तक विद्यार्थियों के परिणाम और प्रमाण पत्र केवल कागजी स्वरूप में सीमित रहते थे। ऐसे में दस्तावेज गुम होने या अधूरी जानकारी मिलने जैसी समस्याएं आती थीं। अपार आईडी से यह परेशानी खत्म होगी और विद्यार्थियों का शैक्षणिक इतिहास सुरक्षित व आसानी से उपलब्ध रहेगा।

जिला कार्यक्रम समन्वयक मनोज मित्तल ने कहा कि यह व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाएगी और छात्रों को उच्च शिक्षा में प्रवेश या नौकरी के लिए आवेदन करते समय सुविधा होगी। साथ ही, राज्य स्तर पर विद्यार्थियों का सटीक डेटा उपलब्ध रहेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बेहतर योजनाएं बनाई जा सकेंगी।
विज्ञापन


बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों की अपार आईडी बनवाने में सहयोग करें और आवेदन पत्र में उसका सही उल्लेख सुनिश्चित करें। बिना अपार आईडी के भरे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे विद्यार्थियों का परिणाम घोषित नहीं होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें