महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर की शिव-पार्वती की पूजा
पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में सोमवार को हरतालिका तीज उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पारंपरिक परिधान पहने और शाम को विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिरों और सोसाइटी परिसरों में तीज के गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।
हरतालिका तीज हिंदू धर्म का प्रमुख व्रत-त्योहार है। मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। इसी मान्यता के चलते सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखती हैं। कई स्थानों पर कुंवारी कन्याओं ने भी मनचाहा वर पाने की कामना के साथ व्रत रखा।
पुरी लैवेंडर सोसाइटी निवासी हिमानी व सीमा ने बताया कि पूजा के दौरान महिलाओं ने बालू या काली मिट्टी से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा बनाकर उनकी विधिवत पूजा की। फल, फूल, मिठाई, सुहाग सामग्री और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने तीज की कथा सुनी और शिव-पार्वती का आशीर्वाद लिया। व्रत के दौरान महिलाओं ने पूरे दिन बिना पानी के निर्जला उपवास रखा। रात में जागरण कर भजन-कीर्तन के साथ भगवान की आराधना की।
सेक्टर - 2, 3, 7, 8, 9, 10, 11, 12 , 45 सहित बीपीटीपी कॉलोनी, आरपीएस सवाना सोसाइटी, पुरी प्राणायाम, आगमन, पुरी लैवेंडर व अन्य कई सोसाइटियों में महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। कई जगह महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा की और तीज के पारंपरिक गीत गाए। सोलह शृंगार कर सजी महिलाओं ने उत्सव में हिस्सा लिया। पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक व्रत पूरा किया।