फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हार्डवेयर व्यापारी की अपहरण के बाद हत्या

विज्ञापन
आदेश मित्तल की फाइल फोटो - फोटो : Faridabad
विज्ञापन
बल्लभगढ़। सेक्टर-2 से रविवार रात एक हार्डवेयर व्यापारी आदेश मित्तल का हथियारबंद बदमाशों ने अपहरण कर लिया। सोमवार सुबह उसका शव छांयसा थाना क्षेत्र के गांव हीरापुर में खेतों में पड़ा हुआ मिला। मामले की सूचना पाकर एसीपी तिगांव व एसीपी बल्लभगढ़ मौके पर पहुंचे। थाना शहर व छायंसा प्रभारी ने मौके का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के भांजे की शिकायत पर अपहरण व हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

मृतक के भांजे मोहित ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मामा तिगांव में प्रेम हार्डवेयर के नाम से दुकान चलाते थे। रविवार रात करीब पौने नो बजे वह अपनी गाड़ी से सेक्टर-2 स्थित अपने घर के लिए निकले थे। घर से करीब दो सौ मीटर पहले मोड़ पर ही एक कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर उनका अपहरण कर लिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर व्यापारी की तलाश शुरू कर दी। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव हीरापुर में एक व्यक्ति ने लहूलुहान हालत में एक शव खेतों में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान आदेश मित्तल के रूप में हुई। मृतक के छोटे भाई प्रवेश मित्तल ने बताया कि उनके भाई आदेश मित्तल हार्डवेयर का व्यापार करते थे।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें बदमाश व्यापारी को अगवा करते नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी को पहले टक्कर मारी थी। जब वह गाड़ी से उतरा तो बदमाशों ने उसे अपनी कार में बिठाने की कोशिश की। झगड़ा बढ़ता देख लोग एकत्रित होने लगे तो बदमाशों ने एक हवाई फायर कर दिया। इसके बाद वह व्यापारी को गाड़ी में डालकर ले गए। अपहरण के कुछ देर बाद ही बदमाश वापस आए और व्यापारी की गाड़ी को भी ले गए। थाना शहर प्रभारी सुदीप सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयान पर अपहरण व हत्या का मामला दर्ज किया गया है। थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच में लगी हुई हैं। मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश की बात नहीं कही है।
विज्ञापन

कारोबारियों ने तिगांव बाजार को बंद रखकर जताया रोष
बल्लभगढ़। हार्डवेयर व्यापारी आदेश मित्तल के अपहरण व हत्या के विरोध में अन्य व्यापारियों ने सोमवार को तिगांव बाजार को बंद रखकर अपना रोष जाहिर किया। इधर पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों ने शव वाहन बाईपास रोड पर खड़ा कर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। व्यापारी आदेश मित्तल की हत्या की खबर दिन निकलते ही पूरे तिगांव व बल्लभगढ़ में आग की तरह फैल गई। हत्या के विरोध में व्यापारियों ने पूरा बाजार बंद कर दिया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे। शाम करीब चार बजे मृतक के परिजनों ने शव वाहन सेक्टर-2 बाईपास मोड़ पर खड़ा कर दिया और सड़क पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि हत्यारोपियों को जल्द से जल्द काबू किया जाए। मौके पर थाना शहर, थाना सदर व आसपास के चौकी प्रभारी सहित एसीपी बल्लभगढ़ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द से जल्द काबू कर लिया जाएगा। करीब एक घंटे के बाद लोगों ने जाम खोल दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
कई दिन से रच रहे थे हत्या की साजिश
बल्लभगढ़। हार्डवेयर व्यापारी आदेश मित्तल की अपहरण के बाद हुई हत्या एक दिन का परिणाम नहीं है। इसके लिए आरोपी कई दिनों से साजिश रच रहे थे। जिस तरह से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है इससे पुलिस यही अंदाजा लगा रही है कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले इसका खाका तैयार कर लिया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापे मार रही है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी से खुखरी का हत्था बरामद हुआ है। व्यापारी की हत्या भी किसी धारदार हथियार से ही हुई है। मृतक आदेश मित्तल के पेट में एक ही जगह छह बार वार किया गया है। आरोपियों ने वारदात में जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया है, वह दो दिन पहले दिल्ली के सीलमपुर थाना इलाके से चोरी की गई थी। व्यापारी को जिस जगह से अगवा किया गया, वह उसके घर से करीब दो सौ मीटर पहले ही है। आरोपी जानते थे कि उसका घर पास में ही है, इसलिए पहले ही उसे रोक लिया गया। मृतक के शरीर पर घाव काफी गहरे हैं, लेकिन जहां उसका शव मिला वहां इतना खून नही मिला है। अंदेशा है कि व्यापारी की हत्या चलती गाड़ी में ही कर दी गई। छीना झपटी में उसकी कमीज फट गई।
इसके बाद व्यापारी के शव को घसीटकर खेतों में ले जाकर फेंक दिया गया। आरोपियों ने शव को हीरापुर में ठिकाने लगाने के बाद करीब आठ किलोमीटर आगे बागपुर में चोरी की गाड़ी को जला दिया। आरोपी व्यापारी की कार, उसका पर्स, चेन व मोबाइल लेकर उत्तरप्रदेश की तरफ निकल गए। क्राइम ब्रांच व थाना पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल व लोकेशन तलाश रही है। इसके साथ ही यमुनापार इलाके के साथ लगते यूपी के गांवों में भी दबिश दी जा रही है। अभी तक इसे रंजिश का मामला ही माना जा रहा है। आरोपियों ने किसी तरह की कोई फिरौती परिजनों से नहीं मांगी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें