- मैराथन में हिस्सा लेने के लिए 29 फरवरी तक कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तीन मार्च को आयोजित होने वाली हाफ मैराथन में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और धावकों का उत्साहवर्धन करेंगे। मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में हजारों लोग हिस्सा लेंगे।
सीईओ जिला परिषद सतबीर मान ने बताया कि शहर में हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिला मैराथन में भागीदारी के लिए फरीदाबाद हाफ मैराथन डॉट कॉम पर 29 फरवरी तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। मैराथन मार्ग पर रनर्स की सुविधा के लिए प्रत्येक दो किलोमीटर पर मेडिकल स्टेशन बनाए जाएंगे। इन स्टेशनों पर ग्लूकोस, एनर्जी ड्रिंक्स सहित मोबाइल टॉयलेट्स की भी सुविधा रहेगी। मैराथन मार्ग में रनर्स को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए पूरे मार्ग पर वालंटियर की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं प्रत्येक 150 से 200 मीटर के बीच पुलिस कर्मी भी नियुक्त किए जाएंगे।
इसके साथ ही इस आयोजन में फरीदाबाद और गुरुग्राम के सभी महाविद्यालयों और स्कूलों के विद्यार्थियों को सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया है। मैराथन का शुभारंभ सूरजकुंड परिसर से होगा और यह शहर के बड़खल मोड़ से वापस जाएगी। बुधवार को आयोजित बैठक में प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष डी सुरेश, मानव रचना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र काजल, डीएवी शिक्षा संस्थान से डाॅ. नरेन्द्र, केसी मंगलम से नायडू नेहरा, एसीईओ जिला परिषद सचिन शर्मा, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार, शिवम तिवारी, सतेन्द्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
धावकों को किया जाएगा सम्मानित
21 किलोमीटर ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान पर आने वाले विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 75 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले विजेता की 50 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पांच किलोमीटर की फन मैराथन के आयोजन में बच्चे युवा और सीनियर सिटीजन भाग ले सकते हैं। धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकार लाइव प्रस्तुति देंगे।