संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चावला कॉलोनी गली नंबर एक में मंगलवार रात बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात से लेकर सुबह तक बिजली नहीं आने के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय अचानक बिजली चली गई, जिसके बाद देर रात तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली गुल रहने से घरों में पंखे और कूलर बंद पड़ गए, जिससे गर्मी में लोगों की नींद पूरी तरह प्रभावित हुई।
स्थानीय निवासी मनीष ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना बिजली रात गुजारना लोगों के लिए बेहद मुश्किल हो गया था। बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा।
वहीं कुसुम ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, कई दिनों से दिन और रात दोनों समय बिजली काटी जा रही है। रात में बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक कोई समाधान नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ।