शिव दुर्गा विहार के लोगों ने सड़क निर्माण और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड क्षेत्र में शिव दुर्गा विहार से गुरुकुल को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण इस मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद कई दिनों तक सड़क पर पानी भरा रहता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रेलवे फाटक पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद मथुरा रोड की ओर जाने वाला रास्ता बंद होने की संभावना है। ऐसे में गुरुकुल मार्ग ही क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख विकल्प बचता है। लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण शिव दुर्गा विहार, दयालबाग और लक्कड़पुर सहित आसपास की कॉलोनियों के हजारों निवासी परेशान हैं।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र ने बताया कि रेवा कंपनी के सामने तथा प्लासर इंडिया और स्टार वॉल्ट के बीच सड़क पर भारी जलभराव रहता है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन फिसल रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार, कार चालक और स्कूली बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। सड़क पर पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश में भी पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
वहीं निवासी रवि ने बताया कि यदि इस सड़क का निर्माण कर इसे जलभराव मुक्त बनाया जाए तो शिव दुर्गा विहार के लोगों को फरीदाबाद शहर, अनंगपुर, ग्रीनफील्ड कॉलोनी, गुरुकुल बस्ती और गुरुकुल इंद्रप्रस्थ तक पहुंचने के लिए सीधा और कम दूरी का मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। फिलहाल लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए और इसके साथ प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाए, ताकि हर बारिश में होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।