फरीदाबाद। किसानों के एकत्र होने की एक सूचना के बाद बुधवार सुबह सराय ख्वाजा बॉर्डर पर पहरा सख्त कर दिया गया। पुलिस को इंटेलिजेंस रिपोर्ट मिली थी कि यूपी के मथुरा से किसान पलवल के रास्ते फरीदाबाद बॉर्डर होते हुए दिल्ली की ओर कूच कर सकते हैं। हालांकि दोपहर तक जब यहां कोई किसान नहीं पहुंचा तो पुलिस सतर्कता भी ढीली पड़ गई।
इसके बाद बॉर्डर पर लगे बैरिकेड के पास सन्नाटा सा पसर गया। एक भी पुलिसकर्मी वहां नजर नहीं आया। यहां तक की उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट भी ऐसे ही बेरिकेड पर लावारिस टंगी थीं। पुलिस पीआरओ एसीपी आदर्शदीप सिंह ने बताया कि सुबह पलवल से किसानों के बदरपुर बॉर्डर होते हुए दिल्ली जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सभी बॉर्डर पर अलर्ट कर सुरक्षा बढ़ा दी गई। उन्होंने बताया कि एनएच-2 पर बदरपुर बॉर्डर, थाना पल्ला इलाके से जैतपुर बॉर्डर, सूरजकुंड शूटिंग रेंज बॉर्डर, फरीदाबाद से गुड़गांव रोड पर मांगर से दिल्ली फतेहपुर में प्रवेश करने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पलवल की तरफ से फरीदाबाद में प्रवेश करने के लिए सीकरी बॉर्डर है, जहां पुलिस बल तैनात किया गया है। इन सभी बॉर्डर से गुजरने वाले वाहनों पर पूरी तरह से पुलिस नजर रखे हुए है।