पलवल। शहर के कैंप थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकलवाकर घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जवाहर नगर कैंप निवासी चंद्रकांता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन जनवरी की दोपहर वह स्टेट बैंक से 15 हजार रुपये निकलवाकर अपने घर लौट रही थी। जब वह महिला थाने के पास वाली गली में पहुंची, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया।
पीड़िता के अनुसार, पर्स में बैंक से निकाले गए 15 हजार रुपये के अलावा चेकबुक और पासबुक सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से तेज गति से फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद