- भारी मात्रा में विस्फोटक सहित दो गिरफ्तार, कोयला, पोटाश व तैयार पटाखों की बड़ी खेप जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। थाना उटावड़ पुलिस ने उटावड़–शिकरावा रोड पर अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व तैयार पटाखे बरामद करते हुए फैक्टरी मालिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना उटावड़ प्रभारी निरीक्षक रेनू शेखावत को गुप्त सूचना मिली थी कि जीरा रोड़ी प्लॉट के पास एक टीन शेड के अंदर बिना किसी वैध लाइसेंस के बच्चों के माचिस पटाखे तैयार किए जा रहे हैं और उनकी सप्लाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को मौके पर पटाखे बनाते हुए रंगे हाथों काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी जोनी के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि फैक्टरी का मालिक शामली, यूपी का ही रहने वाला चीनू है। पुलिस द्वारा लाइसेंस की मांग करने पर दोनों आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने दो प्लास्टिक कट्टों से 39 किलो 570 ग्राम कोयला, एक कट्टे से 22 किलो 680 ग्राम पोटाश तथा तीन पेटियों से 33 किलो 410 ग्राम तैयार पटाखे बरामद किए। थाना प्रभारी के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ का रिहायशी इलाके के पास खुले में भंडारण आमजन की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। पुलिस ने संपूर्ण विस्फोटक सामग्री कब्जे में लेकर सील कर दी है।
आरोपी जोनी और फैक्टरी मालिक चीनू के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 (लापरवाही से विस्फोटक पदार्थ का रख-रखाव) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी चीनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छोपमारी
19 अक्तूबर 2025: हथीन और हसनपुर में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। हथीन से 90 किलो 300 ग्राम पटाखे तथा हसनपुर से बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद कर विस्फोटक सामग्री सील की गई थी।
18 अक्तूबर 2025: एएनसी पलवल ने सौंध गांव निवासी आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर 159 किलो 300 ग्राम अवैध बम-पटाखे बरामद किए थे।
17 अक्तूबर 2025: मानपुर गांव के खेतों में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 1800 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री जब्त की गई थी। इस मामले में थाना मुंडकटी में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर फैक्ट्री सील की गई थी।