5 करोड़ की लागत से बनेंगे 115 चेंबर, 230 वकीलों को होंगे वितरित।
संवाद न्यूज एजेंसी, नूंह। आखिरकार एक बार फिर नूंह जिले के वकीलों को अदालत परिसर में बैठने के लिए चैंबर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है । इससे वकीलों को बड़ी राहत मिलेगी साथ ही मुव्वकिलों को भी बैठने के लिए उचित स्थान मिलेगा। करीब 5 करोड रुपये की लागत से इन चैंबरों का निर्माण कार्य होगा। चुनाव से पहले 9 मार्च 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने इनकी आधारशिला रखी थी। यहां के वकीलों की यह काफी पुरानी मांग है। जिस पर अब से पहले गौर नहीं किया गया था। वकीलों को गर्मी, सर्दी व बारिश के मौसम में टीन शेड के नीचे अपना काम करना पड़ता था। इससे वकीलों के साथ-साथ यहां आने वाले मुव्वकिलों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही शौचालय, पेयजल व गोपनीयता जैसी समस्या भी रहती है ।
बता दे की नूंह वर्ष 2005 में गुरुग्राम से अलग जिला बना था । इसी समय से यहां जिला सत्र न्यायालय शुरू हो गया। वकील लगातार अपनी समस्याओं को देखते हुए चैंबरों की मांग कर रहे थे। 9 मार्च 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसकी आधारशिला रखी। चैंबरों के निर्माण के लिए बनाई गई निगरानी कमेटी के सदस्य खलील अहमद एडवोकेट ने बताया चैंबर बनने से यहां के वकीलों को केस की तैयारी करने हेतु एक सुव्यवस्थित माहौल मिलेगा। लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चैंबर भवन में करीब 115 कमरे बनाए जाएंगे, जहां 230 अधिवक्ता बैठकर अपने केसों की तैयारी कर सकेंगे।
यह काफी पुरानी मांग थी इसको पूरा होने से वकीलों के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
हितेश देशवाल एडवोकेट।
करीब 19 साल से वकीलों की यह मांग चली आ रही थी, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आधारशिला रखी। अब इस पर काम शुरू हुआ है। -जगदेव एडवोकेट।
पलवल जिला नूंह के काफी बाद बना था, वहां कई साल से वकील चैंबर में बैठ रहे हैं लेकिन अब से पहले मेवात की इस मामले में अनदेखी होती रही। लेकिन अब लोगों को राहत मिलेगी। -ताहिर हुसैन एडवोकेट।