फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने तैयार की योजना, सिंचाई विभाग से एनओसी मांगी गई
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गौंछी ड्रेन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने योजना तैयार की है। एनआईटी से गौंछी गांव तक जाने वाला यह ड्रेन 15 से अधिक कॉलोनियों और सेक्टरों के सीवर के पानी की निकासी के साथ बारिश के पानी की निकासी में भी अहम भूमिका निभाता है। इसके बावजूद ड्रेन के आसपास गंदगी, अतिक्रमण और सुरक्षा के इंतजामों की कमी बनी हुई है। ऐसे में एफएमडीए ने ड्रेन के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है। इसके तहत किनारों पर ग्रिल लगाई जाएंगी, खुले हिस्सों को जाली से ढका जाएगा और पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाई जाएगी। इसके लिए सिंचाई विभाग से एनओसी मांगी गई है।
गौरतलब है कि ओल्ड प्रेस कॉलोनी से आगे गौंछी गांव तक जाने वाला यह नाला आबादी के बीच से गुजरता है। इसके दोनों ओर कई जगह अतिक्रमण है। कार धुलाई और ऑटो रिपेयर करने वालों ने भी किनारों पर कब्जे किए हुए हैं। वहीं, आसपास के लोग नाले और उसके किनारे कूड़ा डाल देते हैं। इससे गंदगी बढ़ने के साथ सौंदर्यीकरण भी प्रभावित हो रहा है। खुले हिस्सों के कारण लोगों और पशुओं के नाले में गिरने का खतरा भी बना रहता है।
विज्ञापन
एनओसी मिलने के बाद आगे बढ़ेगा काम
ड्रेन के सौंदर्यीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने और सफाई कराने की योजना है। साथ ही पौधरोपण इस तरह किया जाएगा कि लोग वहां कूड़ा न डाल सकें। हालांकि, कुछ हिस्सों में पौधे नहीं लगाए जाएंगे, ताकि सफाई के दौरान मशीनों और कर्मचारियों को परेशानी न हो। एफएमडीए ने योजना को आगे बढ़ाने के लिए सिंचाई विभाग से अनुमति मांगी है। एनओसी मिलने के बाद ग्रिल लगाने, खुले हिस्सों पर जाली डालने और पौधरोपण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
गौंछी ड्रेन के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की गई है। इसके तहत ड्रेन के किनारों पर ग्रिल लगाने, खुले हिस्सों को जाली से ढकने और पौधरोपण करने की योजना है। इसके लिए सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर एनओसी मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।- ओमदत्त, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए