मॉल, मार्केट, सोसाइटी और सेक्टरों के साथ औद्योगिक नगरी भी होगी विकसित, एफएमडीए करेगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर से नोएडा एयरपोर्ट जाने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे ग्रीन सिटी बसाने की योजना अब परवान चढ़ने जा रही है। मास्टरप्लान-2041 के तहत फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) नई सिटी बसाने की योजना पर काम कर रहा है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के दोनों ओर यह शहर बसेगा। शहर में मॉल, मार्केट, सोसाइटी और सेक्टरों के साथ औद्योगिक नगरी भी बसेगी। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे फरीदाबाद और पलवल के गांव आएंगे। एफएमडीए अब जल्द विस्तृत कार्य योजना (डीपीआर) तैयार करेगा। एक्सप्रेसवे बनने के बाद शहर से नोएडा एयरपोर्ट की दूरी बस 10 से 15 मिनट की होगी।
औद्योगिक शहर फरीदाबाद में मदर कंपनियों के न आ पाने से उद्योगों का विस्तार और विकास लंबे समय से रुका हुआ है। फरीदाबाद जिले को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का कार्य जून 2025 तक पूरा करना है। कुल 31.4 किलोमीटर के इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद फरीदाबाद से मात्र 20 से 25 मिनट में शहरवासी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। इससे फरीदाबाद शहर के उद्योगों को बड़ा फायदा होगा। साथ ही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे बसाए जाने वाले शहर के आस-पास भूमि देकर बड़ी मदर कंपनियां लाई जा सकेंगी। ऐसे में कुछ ही मिनटों में इस ग्रीन फील्ड सिटी से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। इससे फरीदाबाद के उद्योगों के विकास को भी पंख लगेंगे।
अभी हाल ही में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के आस-पास शहर बसाने की योजना के लिए शहरी विकास के प्रधान सचिव डीएस ढेसी ने निरीक्षण किया था। उन्होंने एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया था। इसके अलावा फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, एचएसवीपी और स्मार्ट सिटी लिमिटेड अधिकारियों के साथ बैठक कर इसपर चर्चा भी की थी। परियोजना की डीपीआर बनाने के लिए एफएमडीए को निर्देशित किया गया था। एफएमडीए ने डीपीआर बनाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफएमडीए इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट स्वयं बनाएगा। इसके बाद सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
-
बसाए जाएंगे होटल, रेस्त्रां, मॉल-मल्टीप्लेक्स, सोसाइटी
परियोजना में ग्रीन सिटी में होटल, रेस्तरां, मॉल-मल्टीप्लेक्स, स्कूल-कॉलेज, हाइराइज सोसाइटियों, स्विमिंग पूल, कैफे और मार्केट, मेट्रो आदि सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
-
यूपी तक ग्रीन सिटी बसाई जाएगी
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे फरीदाबाद और पलवल से होकर निकलेगा। ऐसे में फरीदाबाद और पलवल के किनारे दोनों ओर आने वाले गावों की भूमि ली जाने की योजना है। मास्टर प्लान-2041 के अनुसार फरीदाबाद के सेक्टर-65 के बाद गांवों से लेकर यूपी तक ग्रीन सिटी बसाई जाएगी। इसमें फरीदाबाद के 20 गांव और 19 गांव पलवल सीमा में आते हैं। इनमें मुख्य रूप से झुप्पा, फलैदा खादर, बाहपुर कलां, छांयसा, मोहियापुर, मोहना, हीरापुर, मेहमदपुर, नरहावाली, पन्हेरा खुर्द, फफूंडा, बाहभलपुर, सोताई, चनावली और शाहूपुरा गांव है। वहीं, पलवल जिले के शेखपुर, नंगलिया, बागपुर कलां, बागपुर खुर्द, सोलड़ा, भोलड़ा, दोस्तपुर, गुरावड़ी, चांदहट, रहीमपुर, प्रह्लादपुर, राजपुर खादर, थंथरी, बलई, मकसूदपुर, हंसापुर, जेबाबाद खरेली, भूड़ गांव शामिल होंगे।
-
नोएडा एयरपोर्ट तक जाने के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर बसाने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसमें फरीदाबाद के 20 और पलवल के 19 गांवों को शामिल किया जाना है। योजना को मूर्त रूप देने की तैयारी की जा रही है। एफएमडीए स्वयं इसकी डीपीआर बनाएगा। -सुधीर चौहान, चीफ टाउन प्लानर, एफएमडीए