फरीदाबाद। सेक्टर-58 निवासी एक बुजुर्ग अपने पोते के साथ घर के पास टहल रहे थे। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में सात साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बुजुर्ग अपने पोते को ट्रैक्टर चालक के साथ अस्पताल लेकर गए। जहां उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर लगते ही ट्रैक्टर का चालक वहां से भाग गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सेक्टर-58 निवासी सूरजपाल (50) ने बताया कि वे यूपी के एटा जिले के रहने वाले हैं। पिछले दो महीनों से वे राजीव कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। बृहस्पतिवार शाम को वे अपने पोते बंसल (7) के साथ घर के पास स्थित दुकान के पास कुछ सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान पानी के टैंकर से जुड़ा एक ट्रैक्टर ने उनके पोते को टक्कर मार दी। इस टक्कर से बंसल के सिर में चोट लग गई और उसके कान व नाक से खून बहने लगा। ट्रैक्टर चालक और सूरजपाल घायल बच्चे को लेकर एक निजी अस्पताल गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।