पिछले वर्ष के मुकाबले 150 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी में हुई बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक अप्रैल से रबी खरीद सीजन के तहत जिले की छह मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू कर दी जाएगी। खरीद को लेकर मंडियों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न एजेंसियों के लिए खरीद के दिन भी तय कर दिए गए हैं और बारदाना (बोरी) भी पर्याप्त संख्या में मंडियों में पहुंच चुका है। अधिकारियों की खरीद के दौरान मंडियों में ड्यूटियां भी लगाई जा चुकी हैं।
जिले के किसानों ने गेहूं की कटाई का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, कई किसानों के फसल को पकने में अभी 10 से 15 दिनों का समय लगेगा। एक अप्रैल से जो भी पंजीकृत किसान मंडी में गेहूं लेकर आएगा। उसकी फसल सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2275 रुपये प्रति क्विंटल के तहत खरीद की जाएगी। इसको लेकर एजेंसी की ओर से परचेज ऑफिसर की नियुक्ति की गई है।
इन मंडी में होगी खरीद
जिले की छह मंडियों में एक अप्रैल से खरीद शुरू हो जाएगी। इस बार सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इनमें प्रमुख रूप से बल्लभगढ़, मोहना, तिगांव, फतेहपुर बिल्लौच, सेक्टर-16 और डबुआ हैं। बल्लभगढ़ मार्किट कमेटी के सचिव इंद्रपाल ने बताया कि सभी मंडियों में खरीद को लेकर प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी मंडियों में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था पूरी कर ली जाएं। मंडियों में किसानों के लिए पेयजल व शौचालयों को साफ करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से गेहूं खरीद करने के बाद पैसे सीधे किसानों के खाते में 24 घंटों के अंदर पहुंचा दिए जाते हैं।