मुख्यमंत्री करेंगे एसएमसी सदस्यों से सीधा संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालय रविवार को छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे। इस दिन मुख्यमंत्री सुबह 10 से 12 बजे तक एसएमसी सदस्यों को ऑनलाइन संबोधित करेंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे। स्कूल स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों का इस दिन स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री इस दौरान एसएमसी को और मजबूत बनाने के लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के इस भाषण से पहले विभाग के निर्देशानुसार स्कूल के मुखियाओं ने एसएमसी सदस्योंं के साथ बैठक आयोजित की। इस बैठक में सदस्यों को समझाया गया कि सरकारी फंड और ग्राम पंचायत की मदद से स्कूल में क्या-क्या काम हुए हैं और कितना पैसा खर्च हुआ है। कमेटी के सदस्यों को यह भी बताया गया कि उनके पास एक लाख रुपये तक के छोटे काम अपनी देखरेख में खुद करवाने का अधिकार है।
इसके अलावा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही जिले के सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए खेल के मैदान तैयार किए जाएंगे और खेल का नया सामान भी बांटा जाएगा। इसके लिए सभी स्कूल मुखियाओं ने भविष्य की जरूरतों का एक स्कूल डेवलपमेंट प्लान
भी तैयार कर लिया है, ताकि आने वाले समय में स्कूलों की सूरत को और सुधारा जा सके। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों को इस ऑनलाइन बैठक में भाग लेने के लिए कहा गया है।