फरीदाबाद। शहर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में किराने की दुकान से करीब तीन लाख रुपये का सामान और एक घर से दो लाख रुपये व दो मोबाइल चोरी हो गए। ओल्ड फरीदाबाद में दुकानदार ने अपने दो कर्मचारियों पर पिछले तीन-चार महीने से सामान चोरी करने का आरोप लगाया है।
वहीं खेड़ीपुल क्षेत्र में परिवार के सोने के दौरान चोर घर में घुसे और अलमारी से नकदी व मोबाइल ले गए। ओल्ड फरीदाबाद की जय अंबे चुंगी रोड स्थित किराना दुकान से तीन-चार महीने में करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी होने की शिकायत दी गई। दुकान संचालक अजय मदान ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पार्टनर के साथ दुकान पर काम करने के लिए सूरज और अरुण को रखा था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर दुकान से सामान चोरी किया था। खेड़ीपुल क्षेत्र के करुणा नगर में एक अक्तूबर की रात परिवार के सोने के दौरान घर में चोरी हुई। शिकायतकर्ता महेंद्र सिंह के मुताबिक दो अक्तूबर की सुबह उठने पर घर का दरवाजा और अलमारी खुली मिली। जांच करने पर अलमारी से दो लाख रुपये और दो मोबाइल गायब मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों में दो अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद