-करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पाली भाखरी औद्योगिक इलाके में शुक्रवार दोपहर एक लॉजिस्टिक वेयर हाउस में लगी भीषण आग से करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने वेयर हाउस के पास बनी दो अन्य कंपनियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर दमकल की दर्जनभर गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
आग से उठी लपटों के कारण 33 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन का एक तार पिघलकर जमीन पर गिर गया। आननफानन में बिजली की सप्लाई बंद कराई गई। आग पर काबू पाने के लिए पलवल, सोहना, आईएमटी सहित निजी संस्थानों से दमकल की गाड़ियां भी बुलानी पड़ी। पाली भाखरी रोड निवासी सुशील नाम के युवक ने लॉजिस्टिक वेयरहाउस बनाकर विक्रम नाम के कारोबारी को किराए पर दे रखा है। यहां फ्रीज, जिम का सामान, केमिकल समेत अन्य सामान भरा हुआ था। कंपनी के सुरक्षा कर्मी कृष्ण मोहन झा ने वेयरहाउस के पीछे से धुंआ उठता हुआ देखा। आग का पता लगते ही उन्होंने मामले की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। देखते ही देखते आग ने भीषण तरीके से फैल गई। फायरब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग ने पड़ोस में स्थित कैडेन ऑटो रोबोटिक सिस्टम और एसएस इंजीनियरिंग को भी अपनी चपेट में ले लिया। रोबोटिक कंपनी का गोदाम में रखा सामान जल गया।
डबुआ थाना प्रभारी विद्यासागर पाली पुलिस चौकी की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को आग से दूर किया। आग पर काबू पाने के लिए दो दर्जन से अधिक गाड़ियों ने कई चक्कर लगाए। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी को चोट नहीं आई है।