बल्लभगढ़। मुकेश कॉलोनी निवासी व्यापारी के घर से चोरों ने रविवार रात स्कूटी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। 25 अप्रैल को व्यापारी की बेटी की शादी होनी थी, लॉकडाउन के कारण शादी स्थगित करनी पड़ी। जहां चोरी हुई, उसके पास ही पुलिस का नाका लगा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर थाने में दर्ज मामले के अनुसार मुकेश कॉलोनी निवासी सीताराम गुप्ता शहर में चाय पत्ती के थोक विक्रेता हैं। मकान के ग्राउंड फ्लोर को उन्होंने किराए पर दिया हुआ है। प्रथम तल पर वह परिवार सहित रहते हैं। 25 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण वह स्थगित हो गई। शादी के लिए की गई खरीदारी के सामान को उन्होंने ग्राउंड फ्लोर स्थित एक कमरे में रखा हुआ था। सीताराम का कहना है कि रात करीब 12 बजे वह सो गए थे। सुबह सोकर उठे तो पाया कि ग्राउंड फ्लोर पर सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में जाकर देखा तो सारा सामान गायब था।
आरोप है कि चोरों ने नई स्कूटी के अलावा, कपड़े और जेवर आदि चोरी कर लिए। अनुमान के मुताबिक सामान की कीमत तीन से चार लाख रुपये के बीच है। चोरों ने कुछ कीमती सामान प्रथम तल के कमरे से भी चोरी किया है। आदर्श नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि चोरी के संबंध में जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।