- रोहतक में राज्य स्तरीय रस्साकशी में लहराया परचम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रोहतक में चल रहे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य स्तरीय रस्साकशी प्रतियोगिताओं में शहर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल-कौशल का का परिचय देते हुए रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। शहर की बालिकाओं की टीम ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं बालकों की टीम ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
दोनों ही टीमों ने अंडर-11 आयुवर्ग में खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की। मुकाबलों के बाद जिला सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने कहा कि दोनों ही टीमों ने बेहद शानदार खेल दिखाया है। शहर के खिलाड़ियों के पदक जीतने का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक एथलेटिक्स, शतरंज और रस्साकशी सहित कई अन्य खेलों में शहर के खिलाड़ी कई पदक जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभी अन्य खेलों में फरीदाबाद के और पदक आने की उम्मीद है।