- आरोपियों ने फेसबुक पर ऑनलाइन टेंट बुक करने का दिया था विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। महाकुंभ में यात्रा के दौरान ठहरने के लिए ऑनलाइन टेंट बुक करने का झांसा देकर महिला से 61 हजार रुपये ठग लिए गए। युवती ने महाकुंभ गए परिवार के लोगों के लिए बुकिंग करने के लिए फेसबुक पर दिखे लिंक पर संपर्क किया तो बुकिंग के नाम पर रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में बुकिंग की डिटेल मांगने पर कोई जवाब ही नहीं मिला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
एसजीएम नगर निवासी युवती का कहना है कि 24 जनवरी को परिवार के लोग महाकुंभ गए हुए थे। लेकिन वहां उन्हें ठहरने के लिए होटल नहीं मिला। युवती ने फेसबुक पर महाकुंभ में ठहरने के लिए टैंट की सुविधा का विज्ञापन देखा। दिए गए नंबर पर संपर्क किया। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल पर बात की और 39 हजार रुपये की पेमेंट टेंट बुकिंग के नाम पर मांगी। युवती ने यूपीआई से रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने कुछ देर बाद कॉल कर बताया कि जीएसटी के तौर पर और पैसे देने होंगे। इस तरह युवती से कुल 61 हजार रुपये ले लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।